12 Years of PM Modi: भारत के राजनीतिक इतिहास में आज का दिन बेहद ऐतिहासिक है। साल 2014 में आज ही के दिन यानी 26 मई को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आज बतौर प्रधानमंत्री उनके कार्यकाल के सफल 12 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस विशेष और गौरवशाली अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को देश के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में 12 साल का सफर पूरा करने पर बधाई दी है।
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री के इस कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि इन 12 वर्षों में देश ने न केवल आंतरिक और बाहरी मोर्चों पर मजबूती हासिल की है, बल्कि ‘नए भारत’ के निर्माण की नींव भी रखी है।
26 May Weather: मौसम विभाग की चेतावनी, अगले 5 दिन लू, उमस और बारिश का डबल अटैक
सीएम योगी का खास संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक विशेष पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी को सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण करने पर हार्दिक बधाई।
सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि इन 12 वर्षों में देश का राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है। सरकार की प्राथमिकताओं में ‘अंत्योदय’ (समाज के अंतिम व्यक्ति का उदय) और गरीब कल्याण सबसे ऊपर रहा है। जनभागीदारी के जरिए देश के विकास को एक जन-आंदोलन का रूप दिया गया है, जिससे हर नागरिक खुद को देश की प्रगति से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है।
नए भारत का उदय
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को मिली वैश्विक और आंतरिक उपलब्धियों का सिलसिलेवार जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज का भारत देश की सीमाओं पर भारतीय सेना दुश्मन के सामने डटकर खड़ी है और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। विश्व पटल पर आज भारत एक आत्मविश्वास से भरे, सशक्त और बेहद विश्वसनीय नेतृत्व के रूप में स्थापित हो चुका है।
देश में डिजिटल क्रांति, डेमोग्राफी (युवा शक्ति) और डेमोक्रेसी (लोकतंत्र) की त्रिवेणी ‘विकसित भारत 2047’ के महान लक्ष्य को एक नई रफ्तार दे रही है। इसके साथ ही नारी सशक्तीकरण, नवाचार और देश का सांस्कृतिक पुनर्जागरण एक साथ आगे बढ़ रहे हैं।
जन-कल्याणकारी योजनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की उन प्रमुख और महत्वाकांक्षी योजनाओं का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिन्होंने देश के करोड़ों गरीबों और वंचितों के जीवन को बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और पीएम स्वनिधि जैसी क्रांतिकारी योजनाओं ने विकास की रोशनी को सीधे आम आदमी के घर तक पहुंचाया है।
इन नीतियों ने सरकारी तंत्र पर जनता के विश्वास को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया है। यही अटूट विश्वास आज ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के महासंकल्प को धरातल पर साकार कर रहा है। अंत में सीएम योगी ने कहा कि ‘नेशन फर्स्ट’ (राष्ट्र प्रथम) की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही इस युगांतकारी और ऐतिहासिक यात्रा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोटि-कोटि अभिनंदन।










