Amit Shah in Kolkata: अमित शाह पहुंचे कोलकाता, परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण की भव्य तैयारियाँ

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुँच चुके हैं, जहाँ आज वह भाजपा विधायक दल की बैठक में बंगाल के नए मुख्यमंत्री के नाम का फैसला करेंगे। 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी भी शामिल होंगे। सुवेंदु अधिकारी सीएम रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।

Amit Shah in Kolkata

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 8, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Amit Shah in Kolkata: पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय लिखने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे। राज्य में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद यह उनका पहला दौरा है। शाह को बंगाल के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, और आज शाम तीन बजे होने वाली विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में वह मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाएंगे। कोलकाता का ब्रिगेड परेड ग्राउंड इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह का गवाह बनने के लिए पूरी तरह सज चुका है।

विधायक दल की बैठक और मुख्यमंत्री पद का चयन

बताते चले कि, अमित शाह की उपस्थिति में आज शाम भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई गई है। इस सभा का मुख्य एजेंडा मुख्यमंत्री पद के चेहरे का आधिकारिक चुनाव करना है। सूत्रों के अनुसार, सुवेंदु अधिकारी इस दौड़ में सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। नंदीग्राम के बाद भवानीपुर जैसे टीएमसी के गढ़ में सेंध लगाकर सुवेंदु ने अपनी रणनीतिक क्षमता सिद्ध की है। हालांकि, आधिकारिक घोषणा पर्यवेक्षक के रूप में अमित शाह की रिपोर्ट के बाद ही की जाएगी।

दक्षिणेश्वर में पूजा और ‘आधुनिक चाणक्य’ का भव्य स्वागत

आपको बता दे कि, कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद सुवेंदु अधिकारी और हज़ारों कार्यकर्ताओं ने अमित शाह का जोरदार स्वागत किया। इसके पश्चात शाह सीधे दक्षिणेश्वर काली मंदिर गए, जहां उन्होंने मां काली के दर्शन किए और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। सुवेंदु अधिकारी ने उन्हें ‘आधुनिक युग का चाणक्य’ बताते हुए कहा कि शाह की रणनीतिक दूरदृष्टि ही इस प्रचंड विजय की आधारशिला रही है। उन्होंने X पर लिखा कि बंगाल की जनता अब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की विचारधारा वाली सरकार देखने के लिए उत्सुक है।

सोनार बांग्ला के पुनर्निर्माण का संकल्प

भाजपा नेतृत्व का मानना है कि इस जीत के साथ ही पश्चिम बंगाल में ‘सोनार बांग्ला’ के पुनरुद्धार का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सुवेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य अब विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है। लाखों कार्यकर्ता और समर्थक भगवा लहर के बाद अपने शीर्ष नेताओं के संबोधन सुनने के लिए उत्साहित हैं। पार्टी का लक्ष्य अब बंगाल को औद्योगिक और आर्थिक रूप से देश का अग्रणी राज्य बनाना है।

परेड ग्राउंड में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण

9 मई को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह केवल राजनीतिक शक्ति का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि भावुक क्षण भी होगा। टाइम्स नाउ नवभारत के सूत्रों के मुताबिक, परेड ग्राउंड में होने वाले इस कार्यक्रम में उन भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है जो पिछले वर्षों में राजनीतिक हिंसा का शिकार हुए। उनके सम्मान में विशाल कट-आउट्स भी लगाए जाएंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नितिन नवीन और एनडीए शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की पूरी संभावना है।

2