Astrologer Ashok Kharat Arrested: IPS तेजस्वी सतपुते करेंगी अशोक खरात केस की जांच, SIT के शिकंजे में ‘फर्जी’ नेवी कैप्टन

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को ज्योतिषी और नेवी कैप्टन बताने वाले अशोक खरात को रेप और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से 58 आपत्तिजनक वीडियो और 200 करोड़ की संपत्ति मिली है। मामले की गंभीरता देख IPS तेजस्वी सतपुते के नेतृत्व में SIT गठित की गई है। जानिए इस हाई-प्रोफाइल केस की पूरी सच्चाई।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मार्च 20, 2026

Astrologer Ashok Kharat Arrested: महाराष्ट्र के नासिक से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को ज्योतिष और नेवी कैप्टन बताने वाले अशोक खरात को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खरात पर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप है, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस केस की परतें और भी खौफनाक होती जा रही हैं।

58 आपत्तिजनक वीडियो और जबरन वसूली का खेल

बताते चले कि, पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के पास से 58 वीडियो बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन वीडियो के जरिए कई अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया गया होगा। मामले में केवल यौन शोषण ही नहीं, बल्कि जबरन वसूली (Extortion) का कोण भी सामने आया है। जांच के घेरे में आरोपी का आलीशान फार्महाउस और लगभग 200 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति है। बताया जा रहा है कि इस रसूखदार आरोपी के ठिकाने पर कई नामी हस्तियों का जमावड़ा लगा रहता था।

IPS तेजस्वी सतपुते संभालेंगी SIT की कमान

मामले की गंभीरता और इसमें शामिल बड़ी रकम व रसूख को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस हाई-प्रोफाइल केस की कमान 2012 बैच की अनुभवी आईपीएस अधिकारी तेजस्वी सतपुते को सौंपी गई है। तेजस्वी सतपुते अपनी कार्यकुशलता और सख्त छवि के लिए जानी जाती हैं।

पायलट बनने का था सपना, ऐसे बनीं पुलिस अफसर

तेजस्वी सतपुते का सफर काफी प्रेरणादायक रहा है। बचपन में वह एक पायलट बनना चाहती थीं, लेकिन आंखों पर चश्मा लगने के कारण उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और बायो-टेक्नोलॉजी के बाद एलएलबी (LLB) की पढ़ाई पूरी की। वकालत के दौरान ही उनका रुझान यूपीएससी (UPSC) की तरफ हुआ। अपने अनुभव साझा करते हुए वह बताती हैं कि वैकल्पिक विषय का चयन हमेशा रुचि के आधार पर करना चाहिए, न कि केवल अंकों को देखकर। उन्होंने इतिहास और मराठी विषय के साथ कड़ी मेहनत कर सफलता हासिल की।

पुणे में ट्रैफिक सुधार के लिए ‘सेल्फ-डिसिप्लिन’ का फॉर्मूला

पुणे में डीसीपी ट्रैफिक के पद पर रहते हुए उन्होंने हेलमेट के प्रति लोगों का नजरिया बदल दिया। उन्होंने जबरदस्ती नियम थोपने के बजाय ‘बदलाव की शुरुआत खुद से’ करने का संदेश दिया। उन्होंने सबसे पहले पुलिसकर्मियों के लिए हेलमेट अनिवार्य किया और नियम न मानने वालों का चालान कटवाया। इसके अलावा, एक अनोखे प्रयोग के जरिए उन्होंने साबित किया कि बिना हेलमेट गाड़ी चलाने से समय की बचत मात्र 4 मिनट होती है, जबकि जान का जोखिम 100% रहता है। उनके इस प्रयास से पुणे में हेलमेट पहनने वालों की संख्या 20% से बढ़कर 80% तक पहुंच गई।

‘ऑपरेशन परिवर्तन’ से अवैध शराब माफिया का किया सफाया

सोलापुर में एसपी के तौर पर तैनाती के दौरान उन्होंने ‘ऑपरेशन परिवर्तन’ की शुरुआत की। उन्होंने पाया कि यह जिला अवैध शराब की सप्लाई का केंद्र बन चुका था। तेजस्वी ने केवल छापेमारी (Hard Policing) ही नहीं की, बल्कि काउंसलिंग और सॉफ्ट पुलिसिंग का सहारा लिया ताकि अपराधी मुख्यधारा में लौट सकें। उनके इसी रणनीतिक कौशल के कारण अब नासिक के इस पेचीदा केस की गुत्थी सुलझाने की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई है।