Chhattisgarh School Vacation: देशभर में बढ़ते तापमान और जानलेवा लू (Heatwave) के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने स्कूली बच्चों को बड़ी राहत देते हुए 20 अप्रैल से स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। भीषण गर्मी और सूरज के तीखे तेवरों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के नौनिहालों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि इस साल स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां (Summer Holidays) निर्धारित समय से पहले शुरू कर दी जाएंगी। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि स्कूली छात्र-छात्राओं को चिलचिलाती धूप और लू की चपेट में आने से बचाया जा सके। शासन का यह आदेश सरकारी और निजी दोनों तरह के स्कूलों पर लागू होगा।
CM विष्णुदेव साय का सोशल मीडिया संदेश
बताते चले कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) के माध्यम से प्रदेश की जनता को इस निर्णय की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में बढ़ता तापमान और लू के प्रकोप को देखते हुए बच्चों का स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम ने लिखा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश को पहले लागू किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि वर्तमान मौसमी परिस्थितियों में बच्चों को घर के सुरक्षित वातावरण में रहना चाहिए।
20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रहेंगे स्कूल
आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, शिक्षा विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब प्रदेश के सभी विद्यालयों में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। यह फैसला ऐसे संवेदनशील समय पर आया है जब दोपहर का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है। करीब 55 दिनों की यह लंबी छुट्टी बच्चों को भीषण तपिश से बचाएगी। इस लंबी अवधि के विश्राम के बाद, 16 जून से स्कूलों में फिर से शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी और नए सत्र की रौनक लौटेगी।
लू के बढ़ते खतरे से अभिभावकों और छात्रों को मिली बड़ी राहत
अप्रैल के महीने में ही जिस तरह से गर्मी ने रौद्र रूप दिखाया है, उससे अभिभावक अपने बच्चों की सेहत को लेकर काफी चिंतित थे। दोपहर में स्कूल बस का इंतजार करना या पैदल घर आना बच्चों के लिए शारीरिक रूप से काफी कष्टदायक साबित हो रहा था। कई जिलों से बच्चों के डिहाइड्रेशन और बीमार होने की खबरें आ रही थीं। सरकार के इस त्वरित निर्णय से हजारों परिवारों ने राहत की सांस ली है। अब बच्चों को तपती दोपहर में बाहर निकलने की मजबूरी नहीं होगी।
छुट्टियों के बाद 11वीं के दाखिले और नया शैक्षणिक सत्र
डेढ़ महीने से ज्यादा के इस अवकाश के दौरान जहां बच्चे घरों में रहकर गर्मी से बचाव करेंगे, वहीं छुट्टियों के बाद स्कूलों में नए सत्र की तैयारियां तेज हो जाएंगी। 15 जून को छुट्टियां समाप्त होने के साथ ही प्रदेश के स्कूलों में 11वीं कक्षा के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी विधिवत रूप से आरंभ कर दी जाएगी। सरकार ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे छुट्टियों के बाद के सत्र के लिए अपनी तैयारियां पूरी रखें ताकि बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो।









