Abhijeet Dipke CJP Protest: सोशल मीडिया की आभासी दुनिया से निकलकर एक अनोखा राजनीतिक ड्रामा अब दिल्ली की सड़कों पर उतरने के लिए तैयार है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ‘जय भीम’ का नारा बुलंद करते हुए अमेरिका से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं। शनिवार की सुबह वे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत और भव्य प्रदर्शन के लिए समर्थकों ने कमर कस ली है। दीपके ने 6 जून को दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर एक विशाल प्रदर्शन का ऐलान किया है, जिसमें वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। हालांकि, पुलिस से अनुमति न मिलने के कारण इस प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव के आसार बढ़ गए हैं।
सोशल मीडिया पर भावुक अपील
अभिजीत दीपके ने अपनी भारत वापसी से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने समर्थकों में नया उत्साह भर दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि वे देश के भविष्य को संविधान के हाथों में सौंपने आ रहे हैं। दीपके की यात्रा और उनके आगमन का सटीक समय पूरी तरह गुप्त रखा गया है, जिसने दिल्ली पुलिस और खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां उनके हर कदम पर पैनी नजर रखे हुए हैं ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने न पाए।
एयरपोर्ट से सीधे पुलिस स्टेशन जाने का अनूठा सियासी दांव
दिल्ली आगमन के बाद अभिजीत दीपके की योजना काफी चौंकाने वाली है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे होटल या घर जाने के बजाय सीधे पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस थाने का रुख करेंगे। वहां वे जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के लिए प्रशासन से आधिकारिक इजाजत मांगेंगे। दीपके ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पंजीकृत सदस्यों से अपील की है कि वे भारी संख्या में दिल्ली पहुंचे ताकि केंद्र सरकार को अपनी ताकत का अहसास कराया जा सके।
लाखों समर्थकों के जुटने का दावा
अभिजीत दीपके ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि देश भर से हजारों-लाखों लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं। उनकी वेबसाइट के आंकड़ों के अनुसार, महज कुछ ही दिनों में उनकी पार्टी से 11 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के पीछे नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक और सीबीएसई (CBSE) नतीजों में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा मुख्य है। दिलचस्प बात यह है कि कभी मजाक के रूप में शुरू हुई यह पार्टी अब एक गंभीर राजनीतिक आंदोलन में तब्दील हो चुकी है, जिसने बड़े-बड़े राजनीतिक दलों के लिए भी चुनौती पैदा कर दी है।
मजाक से शुरू हुआ सफर, अब बना शिक्षा मंत्री के इस्तीफे का मिशन
इस आंदोलन की जड़ें चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर बने एक मजाक में हैं। देखते ही देखते चार दिनों के भीतर इस ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की लोकप्रियता राजनीतिक दिग्गजों को पछाड़ने लगी है। अब यह संगठन पूरी तरह से अपने ‘मिशन इस्तीफा’ में जुट गया है। शनिवार और रविवार का दिन दिल्ली की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है, क्योंकि यह देखना बाकी है कि यह सोशल मीडिया से निकला संगठन जमीन पर कितना असर दिखा पाता है।










