Mukundpur House Collapse: धमाके के बाद मलबे में तब्दील हुई इमारत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में मंगलवार सुबह एक भीषण एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के कारण एक मंजिला इमारत पूरी तरह ढह गई। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर सर्विस और पुलिस की टीमें मलबे में फंसे अन्य लोगों को बचाने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

Mukundpur House Collapse

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 2, 2026

Mukundpur House Collapse: देश की राजधानी दिल्ली से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मंगलवार, 2 जून 2026 की सुबह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुकुंदपुर इलाके में एक भीषण एलपीजी सिलेंडर विस्फोट के बाद एक मंजिला इमारत पूरी तरह से ढह गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इमारत का मलबा दूर-दूर तक फैल गया, जिसके नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन और युद्धस्तर पर बचाव कार्य

बताते चले कि, दमकल विभाग को इस हादसे की सूचना मंगलवार सुबह करीब 9:37 बजे मिली। जानकारी मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, राहत टीमों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 4 से 5 घायलों को मलबे से बाहर निकाल लिया और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया। दमकल की गाड़ियां और बचाव दल अभी भी मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

बर्तन पॉलिश करने का काम होता था घटनास्थल पर

आपकी जानकारी के लिए बता दे कि, यह हादसा मुकुंदपुर-2 की गली नंबर-1 स्थित ईशु विहार इलाके में हुआ। घटनास्थल का मुआयना करने पर पता चला कि जिस 250 वर्ग गज के एक मंजिला मकान में यह जोरदार धमाका हुआ, उसका उपयोग बर्तन पॉलिश करने के लिए किया जाता था। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। मौके पर फायर सेफ्टी अधिकारी, एडीओ पारस, एसटीओ गिरिराज और एसओ प्रदीप के नेतृत्व में बचाव अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।

घायलों की संख्या और मेडिकल अपडेट

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस दुर्भाग्यपूर्ण सिलेंडर ब्लास्ट में अब तक 6 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों की सटीक स्वास्थ्य स्थिति के बारे में डॉक्टरों द्वारा मेडिकल जांच पूरी होने के बाद ही जानकारी दी जा सकेगी। फिलहाल सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटनास्थल पर मलबे को हटाने और यह सुनिश्चित करने का काम जारी है कि कोई अन्य व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है।

प्रशासन और स्थानीय लोगों में दहशत

घटना के बाद से मुकुंदपुर इलाके के निवासियों में भारी दहशत है। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कैसे एक सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरी इमारत को धराशायी कर दिया। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं ताकि विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन ने आसपास के लोगों को मलबे वाली जगह से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है, जबकि जांच एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी हुई हैं।