Lucknow News : रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के लिए काम कर रहे ब्रह्मोस मिसाइल के सिस्टम इंजीनियर आकाशदीप गुप्ता (30) की लखनऊ में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिवार और रक्षा समुदाय में शोक की लहर है। घटना मंगलवार रात की है। आकाशदीप अपने माता-पिता के ओमनगर, आलमबाग स्थित आवास पर पत्नी के साथ दिवाली मनाने आए थे। रात में खाना खाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल लोकबंधु अस्पताल ले गए। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
हार्ट अटैक की आशंका, जांच जारी
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर आलमबाग पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।आलमबाग इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
7 साल से मिसाइल मिशन में कार्यरत
आकाशदीप गुप्ता ब्रह्मोस मिसाइल के महत्वपूर्ण मिशन से पिछले 7 सालों से जुड़े हुए थे। वह मूल रूप से लखनऊ के ही निवासी थे और दिल्ली में पोस्टेड थे, जहां उनकी पत्नी भारती गुप्ता केनरा बैंक में कार्यरत हैं।परिवार के लिए यह क्षति और भी बड़ी है क्योंकि आकाशदीप और भारती की शादी इसी साल अप्रैल महीने में हुई थी, यानी उन्हें वैवाहिक जीवन के मात्र 6 महीने ही हुए थे।
पिता बोले- गोल्ड मेडलिस्ट था बेटा
मृतक इंजीनियर के पिता कुलदीप गुप्ता, जो दो महीने पहले ही उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर हुए हैं, ने बताया कि उनका बेटा बीटेक में गोल्ड मेडलिस्ट था। पिता ने दुख व्यक्त करते हुए बताया, “सबने खुशी-खुशी दिवाली मनाई। रात में अचानक बेटे की तबीयत बिगड़ी, और अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद ही डॉक्टरों ने बताया कि वह अब नहीं रहा।”ब्रह्मोस जैसी महत्वपूर्ण परियोजना से जुड़े एक युवा इंजीनियर की अचानक मौत कई सवाल खड़े करती है, जिसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की उम्मीद है।
