Janta Darshan: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान प्रदेश भर से आए 50 से अधिक लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। सीएम ने हर पीड़ित की फरियाद सुनी और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
किडनी और हृदय रोगी की तत्काल मदद
बताते चले कि, रायबरेली से आए एक युवक ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि उनके पिता किडनी, हृदय और यूरिन की बीमारी से पीड़ित हैं और प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने में आर्थिक कठिनाई का सामना कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के निर्देश दिए।
इलाज के लिए एस्टीमेट का निर्देश
सीएम योगी ने अस्पताल से इलाज के खर्च का एस्टीमेट मंगवाने के लिए भी कहा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को इलाज में कोई बाधा न आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार हर जरूरतमंद को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, जिससे मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
आर्थिक सहायता का भरोसा
‘जनता दर्शन’ में कई फरियादी आर्थिक मदद के लिए प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी से कहा कि आपके इलाज के खर्च की चिंता सरकार करेगी। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पिछले 8 वर्षों से सरकार हर जरूरतमंद मरीज को लगातार आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
बच्चों के साथ अपनत्व और स्नेह
कार्यक्रम में कई बच्चे भी आए, जिन्हें मुख्यमंत्री ने दुलार और अपनत्व का अहसास कराया। सीएम ने नन्हे-मुन्नों के सिर पर हाथ फेर उन्हें स्नेह दिखाया और सभी बच्चों को चॉकलेट और टॉफी भी वितरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण व्यवहार बच्चों और अभिभावकों के लिए यादगार बना। ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार हर पीड़ित और जरूरतमंद के लिए तत्पर है। चाहे वह आर्थिक सहायता की बात हो या अस्पताल में भर्ती का निर्णय, सीएम ने व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित किया कि हर मरीज को न्याय और समय पर मदद मिले।
Read More: Deepotsav 2025: 26 लाख दीपों से रोशन होगी रामनगरी, दिखेगा अनोखा ग्रीन फायरवर्क्स शो
