Jodhpur News: राजस्थान के दूसरे सबसे बड़े शहर जोधपुर में शुक्रवार को गणगौर के भोलावनी मेले के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई। मकराना मोहल्ला लायकान क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।
2606 लोकेशन पर प्रॉपर्टी गाइडलाइन दर में वृद्धि, प्रॉपर्टी के दाम में होगी भारी बढ़ोतरी
मेले में महिलाओं से टकराए युवक

गणगौर पर्व के चलते शहरभर में मेले और धार्मिक आयोजन हो रहे थे। भोलावनी मेले में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर भीड़ में घुस आए और महिलाओं से टकरा गए।
गहने छीनने की कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने महिलाओं के गहने छीनने की कोशिश की। इससे लोग आक्रोशित हो गए और उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। थोड़ी देर बाद वे दर्जनभर युवकों के साथ लौटे और भीड़ पर पथराव शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और इलाके में जमकर पत्थरबाजी होने लगी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर शरत कविराज सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर क्षेत्र में तैनात किया गया और भीड़ को तितर-बितर किया गया।
चार लोग हिरासत में
जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट ईस्ट के डीसीपी मनीष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह विवाद अचानक हुआ और कोई पूर्व नियोजित घटना नहीं थी। सड़क पर निकलने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा बाद में बढ़ गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि असली आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
इलाके की पुरानी समस्याएं
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की अन्य समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाया। निवासियों का कहना है कि मकराना मोहल्ला इलाके में नशे का अवैध कारोबार और अवैध टैक्सी स्टैंड लंबे समय से सक्रिय हैं। इन कारणों से अक्सर छोटे-छोटे विवाद होते रहते हैं। लोगों ने इन गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थिति नियंत्रण में
फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है ताकि त्योहार का माहौल खराब न हो।
MP में बिजली की दरों में बढ़ोतरी: 1 अप्रैल से 150 यूनिट के बाद होगा बिल महंगा









