Keralam New CM Name: केरल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस खेमे में मुख्यमंत्री पद को लेकर मची खींचतान अब एक निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। एआईसीसी (AICC) के पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक के हाथ में मौजूद एक गोपनीय पत्र की तस्वीर सार्वजनिक होने के बाद प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है। इस चिट्ठी ने साफ कर दिया है कि 07 मई, 2026 को हुई रायशुमारी में विधायकों का झुकाव किस ओर है।
विधायकों के समर्थन वाली गुप्त सूची हुई सार्वजनिक
बताते चले कि, कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक के हाथ से लीक हुई इस चिट्ठी ने उन तमाम कयासों पर विराम लगा दिया है जो अब तक सतीशन और वेणुगोपाल के बीच बराबरी की टक्कर बता रहे थे। इस पत्र में विधायकों के नाम के ठीक सामने उनकी पसंद के मुख्यमंत्री उम्मीदवार का नाम दर्ज है। चौंकाने वाली बात यह है कि जो विधायक सार्वजनिक रूप से वीडी सतीशन के साथ खड़े दिख रहे थे, उन्होंने भी बंद कमरे में केसी वेणुगोपाल के नाम पर अपनी मुहर लगाई है।
केसी वेणुगोपाल को मिला भारी बहुमत
आपको बता दे कि, केरल की 63 सदस्यीय कांग्रेस विधायक दल में से 47 विधायकों ने स्पष्ट रूप से केसी वेणुगोपाल को अगले मुख्यमंत्री के रूप में प्रस्तावित किया है। इसमें सबसे बड़ा नाम प्रदेश अध्यक्ष सन्नी जोसेफ का है। सतीशन के कट्टर समर्थक माने जाने वाले जोसेफ के इस कदम ने सबको हैरान कर दिया है। इसी फेरबदल के कारण सन्नी जोसेफ ने अपनी प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द कर दी है। उनके अलावा संदीप जी. वारियर, सजीव जोसेफ और उषा विजयन जैसे दिग्गजों ने भी वेणुगोपाल का ही समर्थन किया है।
रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन को लगा तगड़ा झटका
मुख्यमंत्री पद के अन्य दो बड़े दावेदारों, रमेश चेन्निथला और वीडी सतीशन के लिए यह रिपोर्ट किसी सदमे से कम नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, चेन्निथला के बेहद करीबी माने जाने वाले आई.सी. बालकृष्णन ने भी वेणुगोपाल के पक्ष में अपनी राय दी है। जहाँ सतीशन को मात्र 6 विधायकों का साथ मिला है, वहीं चेन्निथला को 8 विधायकों का समर्थन प्राप्त हुआ है। हालांकि, सतीशन को तीन पूर्व केपीसीसी (KPCC) अध्यक्षों का समर्थन हासिल है, लेकिन विधायकों की संख्या बल के सामने उनकी स्थिति कमजोर नजर आ रही है।
मल्लिकार्जुन खड़गे लेंगे अंतिम फैसला
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक लाइन का प्रस्ताव पारित कर अंतिम निर्णय का अधिकार पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को सौंप दिया गया है। पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक दिल्ली लौट चुके हैं और अपनी विस्तृत रिपोर्ट आलाकमान को सौंपेंगे। यदि स्थिति और उलझती है, तो दिल्ली से सतीशन, चेन्निथला और सन्नी जोसेफ को बातचीत के लिए बुलाया जा सकता है।
शपथ ग्रहण की तैयारी और संभावित कार्यक्रम
पार्टी सूत्रों का कहना है कि आगामी शनिवार या रविवार तक कांग्रेस आलाकमान केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा कर देगा। इसके ठीक दो दिनों के भीतर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने की संभावना है। नए मुख्यमंत्री के साथ यूडीएफ (UDF) के अन्य घटक दलों के नेता भी मंत्रिमंडल की शपथ लेंगे। केरल की जनता और राजनीतिक गलियारों की नजरें अब सीधे दिल्ली दरबार पर टिकी हैं।










