UP News: मेरठ के दौराला में जहरीली शराब का तांडव! तीन दोस्तों की मौत से मचा कोहराम

मेरठ के दौराला में शुक्रवार रात कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने इलाके में अलर्ट जारी कर मंदिरों और मस्जिदों से मुनादी कराई है। पुलिस ने ठेके को सील कर मालिक सहित दो सेल्समैन को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 4, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ अंतर्गत दौराला इलाके में शुक्रवार की रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की असमय मौत हो गई। मृतकों की पहचान बाबूराम प्रजापति (55), अंकित (45) और जितेंद्र (50) के रूप में हुई है। परिजनों का सीधा आरोप है कि तीनों की जान अवैध व मिलावटी शराब पीने के कारण गई है। घटना के बाद से ही पूरे गांव और पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

शराब के अधिकृत विक्रेता पर गिरी गाज

बताते चले कि, घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। जिस सरकारी देसी शराब की दुकान से मदिरा खरीदी गई थी, वह भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता मिंटू अहलावत के पिता जयपाल अहलावत के नाम पर आवंटित है। जिलाधिकारी (DM) के सख्त आदेश के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से उस ठेके को सील कर दिया है। इसके साथ ही जयपाल अहलावत और दुकान के दो सेल्समैन को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है।

पार्टी के कुछ ही देर बाद बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से भराला निवासी बाबूराम दौराला में रहकर कोल्हू पर सरसों की पेराई का काम करते थे। शुक्रवार रात उनके दोस्त अंकित और जितेंद्र सरधना रोड स्थित ठेके से देसी शराब खरीदकर लाए थे। तीनों ने मिलकर जैसे ही मदिरा का सेवन किया, उसके कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। बाबूराम के बेटे सचिन ने आनन-फानन में तीनों को टोल प्लाजा के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने अंकित और जितेंद्र को देखते ही मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घंटे बाद बाबूराम ने भी दम तोड़ दिया।

धार्मिक स्थलों से मुनादी कर प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट

इस बेहद संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। कस्बे में किसी और अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस ने दौराला के सभी मंदिरों और मस्जिदों के लाउडस्पीकरों का इस्तेमाल किया। लाउडस्पीकर से सार्वजनिक तौर पर यह मुनादी कराई गई कि कोई भी व्यक्ति फिलहाल उस ठेके से खरीदी गई शराब का सेवन न करे। इस अचानक हुई घोषणा से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की चेतावनी

शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अवनीश पांडेय स्वयं ग्राउंड जीरो पर उतरे। दोनों आला अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। डीएम ने बताया कि उस दुकान से कुल 9 पेटी शराब बेची गई थी, जिसकी ट्रेसिंग की जा रही है। एसएसपी ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर ऐसी कठोरतम कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बनेगी।

2