Weather Update: लू और उमस से मिलेगी मुक्ति! जानिए अगले 5 दिनों में कैसा रहेगा आपके क्षेत्र का मौसम

उत्तर भारत के निवासियों के लिए बड़ी राहत! भीषण गर्मी और लू के बाद अब मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मॉनसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। आपके क्षेत्र का ताजा मौसम पूर्वानुमान और बारिश की सटीक जानकारी जानने के लिए यह रिपोर्ट पढ़ें।

Weather Update

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 24, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Weather Update: उत्तर भारत के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। भीषण लू और चिलचिलाती धूप से जूझ रहे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के राज्यों को अगले कुछ दिनों तक राहत मिलती रहेगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि इन क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 23 से 26 जून के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसके बाद 29 जून को फिर से बारिश की संभावना है।

वहीं, नोएडा और गाजियाबाद समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23-24 जून और 29 जून को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 और 29 जून को बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी 24 से 29 जून तक मौसम मेहरबान रहेगा।

दिल्ली-एनसीआर में बादलों का डेरा

बताते चले कि, दिल्ली में आज का मौसम राहत भरा रहने की उम्मीद है। हालांकि आज भारी बारिश का कोई आधिकारिक अलर्ट नहीं है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने के साथ-साथ गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है। मौसम जानकारों का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक दिल्ली-एनसीआर में इसी तरह का मिला-जुला मौसम बना रहेगा। गौरतलब है कि बीते दिन दिल्ली और आसपास के नोएडा-गाजियाबाद के इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई थी, जिसने चिलचिलाती गर्मी से काफी हद तक राहत दिलाई थी।

पहाड़ी इलाकों में भी बारिश की आहट

पर्वतीय राज्यों में भी मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में 24 से 29 जून के दौरान छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में भी बरसात की संभावना है। पहाड़ी राज्यों के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिन 29 जून हो सकता है, जब उत्तराखंड और हिमाचल के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने के संकेत दिए गए हैं।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान का अलर्ट

मध्य भारत की बात करें तो मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए मौसम विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में 24 से 29 जून के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। हालांकि, 24 से 27 जून के दौरान मध्य प्रदेश में बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट है। हवा की गति 60-70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। विदर्भ में 27 जून तक खराब मौसम और 29 जून को बड़े स्तर पर बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि छत्तीसगढ़ में 27 जून तक आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है।

देश के कई हिस्सों में दस्तक और लू का प्रभाव

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने अपनी गति पकड़ ली है और यह तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले 2-3 दिनों में इसके गुजरात के कुछ हिस्सों के साथ महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के व्यापक इलाकों तक पहुंचने के आसार हैं। मॉनसून का अगला पड़ाव उत्तर प्रदेश होगा, जिससे वहां भी बारिश की स्थिति बेहतर होगी। मॉनसून की सक्रियता के चलते पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इन राहत भरी खबरों के बीच पूर्वांचल, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में अभी भी लू (हीटवेव) का असर बना हुआ है। वहीं, गोवा में हुई भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और पेड़ गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं।

2