Pakistan Train Blast: पाकिस्तान का अशांत प्रांत बलूचिस्तान एक बार फिर भीषण बम धमाके से दहल उठा है। बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में रविवार (24 मई, 2026) की सुबह एक दर्दनाक और बड़ा आतंकवादी हमला हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। क्वेटा रेलवे स्टेशन के नजदीक हुए इस शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 26 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रारंभिक जांच और रिपोर्टों के अनुसार, प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के आत्मघाती दस्ते ‘मजीद ब्रिगेड’ ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। आतंकवादियों ने एक बार फिर यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों से भरी ‘जाफर एक्सप्रेस’ ट्रेन को निशाना बनाकर इस आत्मघाती आत्मघाती हमले को अंजाम दिया। इस भयावह घटना पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने इस हमले को आतंकवादियों की हताशा और कायरता का प्रतीक बताया है।
अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ट्रंप की चेतावनी, 24 घंटे में हो सकता है बड़ा फैसला
पाकिस्तानी सेना के जवानों को ले जा रही थी जाफर एक्सप्रेस
विस्फोट की यह खौफनाक घटना उस समय हुई जब जाफर एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा छावनी (Quetta Cantt) से रवाना हुई थी। इस ट्रेन में आम नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सेना के कर्मचारी और जवान भी सफर कर रहे थे। जैसे ही जाफर एक्सप्रेस क्वेटा के चमन फाटक के पास पहुंची, वहां पहले से घात लगाए बैठे बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने रेलवे ट्रैक के बिल्कुल नजदीक खुद को बम से उड़ा लिया।
धमाका इतना जोरदार था कि उसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। इस ब्लास्ट की चपेट में आने से जाफर एक्सप्रेस की एक पूरी बोगी (कोच) पूरी तरह से लोहे के मलबे में तब्दील हो गई। घटना के तुरंत बाद स्टेशन और आसपास के इलाकों में चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर शवों और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
पीएम शहबाज शरीफ का पहला बयान
इस भीषण आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक आधिकारिक पोस्ट साझा करते हुए अपनी नाराजगी और दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस हमले की कड़े शब्दों में भर्त्सना की। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं क्वेटा के चमन फाटक के पास अंजाम दिए गए इस आत्मघाती बम विस्फोट की सबसे कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। इस हमले में कई निर्दोष लोगों की असमय और दुखद मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।”
आतंकियों को कड़ा संदेश
शहबाज शरीफ ने आतंकवादियों को आड़े हाथों लेते हुए आगे लिखा, “आतंकवाद की ऐसी कायराना हरकतें पाकिस्तान के नागरिकों और हमारी सुरक्षा एजेंसियों के हौसलों व संकल्प को कभी कमजोर नहीं कर सकती हैं। हम देश से आतंकवाद को उसके हर रूप और हर स्वरूप में पूरी तरह से नेस्तनाबूद करने के अपने इरादे पर मजबूती से अडिग हैं।”
पीड़ित परिवारों और बलूचिस्तान की जनता के प्रति जताई गहरी संवेदना
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस अत्यंत कठिन घड़ी में पूरा पाकिस्तान बलूचिस्तान के नागरिकों और पीड़ितों के परिवारों के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है।
उन्होंने घायल हुए नागरिकों और सैन्य कर्मियों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं। इस बीच, बलूचिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर डाल दिया गया है और हमलावरों के मददगारों की तलाश में सुरक्षा बलों ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पाकिस्तान के क्वेटा में ट्रेन ब्लास्ट से हड़कंप, रेलवे ट्रैक पर विस्फोट से तबाही








