PM Modi Sikkim Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के दो दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में शामिल होना और क्षेत्र के विकास को नई गति देना है। सोमवार शाम को गंगटोक पहुंचने के बाद से ही प्रधानमंत्री का कार्यक्रम काफी व्यस्त और उत्साहजनक रहा है।
पीएम मोदी ने फुटबॉल के मैदान में दिखाया दम
बताते चले कि, मंगलवार की सुबह सिक्किम की राजधानी गंगटोक में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दिन की शुरुआत स्थानीय युवाओं के साथ फुटबॉल खेलकर की। खेल के मैदान पर उनकी सक्रियता ने न केवल युवाओं को प्रेरित किया, बल्कि पूरे देश का ध्यान भी खींचा। प्रधानमंत्री मोदी ने इस अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “गंगटोक की यह सुबह बेहद खास रही। सिक्किम के ऊर्जावान युवाओं के साथ फुटबॉल खेलना एक यादगार अनुभव था।” उन्होंने युवाओं के खेल कौशल की सराहना की और इस सत्र को बेहद शानदार बताया।
गंगटोक में भव्य रोड शो
आपकतो बता दे कि, सोमवार शाम जब प्रधानमंत्री मोदी का काफिला गंगटोक पहुंचा, तो शहर की सड़कें उत्सव के माहौल में डूबी नजर आईं। हेलीपैड से लेकर लोक भवन तक प्रधानमंत्री ने एक विशाल रोड शो किया। कड़ाके की ठंड और ऊंचाइयों के बावजूद, हजारों की संख्या में लोग सड़क के दोनों किनारों पर अपने प्रिय नेता की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते रहे। लोगों के इस उत्साह और स्नेह का प्रधानमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
ऑर्किडेरियम और स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क का अवलोकन
अपने दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री सिक्किम की प्राकृतिक सुंदरता और पारिस्थितिक विरासत को भी करीब से देखेंगे। वे गंगटोक स्थित प्रसिद्ध ऑर्किडेरियम का दौरा करेंगे। इसके साथ ही, वे नवनिर्मित “स्वर्ण जयंती मैत्री मंजरी पार्क” का भी निरीक्षण करेंगे। यह पार्क विशेष रूप से सिक्किम की समृद्ध जैव विविधता और दुर्लभ पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विकसित किया गया है, जो राज्य की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विकास की नई सौगात
प्रधानमंत्री मोदी पालजोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह के केंद्र बिंदु होंगे, जहां सिक्किम राज्य के 50 गौरवशाली वर्षों के पूरा होने का औपचारिक समापन होगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर, प्रधानमंत्री राज्य की जनता को 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और स्थानीय सुविधाओं के विकास से जुड़े कई कार्य शामिल हैं, जिनका उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
खराब मौसम की बाधा के बाद आगमन
यह यात्रा प्रतीकात्मक रूप से भी बहुत महत्वपूर्ण है। दरअसल, पिछले साल सिक्किम की स्वर्ण जयंती के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को शामिल होना था, लेकिन उस समय खराब मौसम के कारण उनका विमान लैंड नहीं कर पाया था। उस वक्त उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनता को संबोधित किया था और जल्द आने का वादा किया था। इस वर्ष स्वयं उपस्थित होकर उन्होंने सिक्किम के लोगों के साथ उस वादे को पूरा किया है।









