West Bengal Assembly Elections: ‘4 मई के बाद होगा असली हिसाब’ PM मोदी ने भरी हुंकार, संदेशखाली पर ममता सरकार को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए टीएमसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान ने ममता सरकार का अहंकार तोड़ दिया है। संदेशखाली की घटनाओं और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर पीएम ने वादा किया कि 4 मई के बाद भाजपा सरकार अपराधियों से चुन-चुन कर हिसाब लेगी।

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अप्रैल 26, 2026

West Bengal Assembly Elections:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (26 अप्रैल) को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि शुरुआती चरणों के मतदान ने राज्य में सत्ता परिवर्तन की नींव रख दी है और भाजपा की प्रचंड जीत अब सुनिश्चित है।

भाजपा की प्रचंड जीत का दावा

बताते चले कि, जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि पहले चरण के भारी मतदान ने टीएमसी के घमंड को चकनाचूर कर दिया है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि दूसरे चरण के रुझान यह स्पष्ट कर रहे हैं कि बंगाल में भाजपा सरकार की स्थापना होने जा रही है। पीएम मोदी के अनुसार, जनता का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि परिवर्तन की लहर अब सुनामी का रूप ले चुकी है।

ममता सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

पीएम मोदी ने टीएमसी के पुराने चुनावी नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 15 साल पहले जिस ‘मां, माटी और मानुष’ के नाम पर यह पार्टी सत्ता में आई थी, आज वह इन शब्दों को बोलने से भी कतराती है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि टीएमसी इन शब्दों को दोहराएगी, तो उनके पिछले एक दशक के ‘पाप’ जनता के सामने उजागर हो जाएंगे। पीएम ने आरोप लगाया कि ममता सरकार ने बंगाल की पहचान और संसाधनों के साथ खिलवाड़ किया है।

सिंडिकेट राज और घुसपैठ का मुद्दा

बंगाल की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी की ‘निर्ममता’ ने माताओं की आंखों में आंसू दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल की पवित्र माटी को ‘सिंडिकेट’ और ‘घुसपैठियों’ के हवाले कर दिया गया है। रोजगार के अभाव और असुरक्षा के कारण बंगाल का ‘मानुष’ (आम आदमी) आज पलायन करने को मजबूर है, जिसके लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं।

टीएमसी के ‘महाजंगलराज’ पर कड़ा प्रहार

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में संदेशखाली की घटनाओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि टीएमसी के शासन में राज्य की बहनें और बेटियां सबसे बड़ी पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि जहां गुंडे महिलाओं पर अत्याचार कर रहे थे, वहीं सरकार उन अपराधियों को संरक्षण दे रही थी। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि बंगाल की नारी शक्ति इस बार वोट की चोट से अपना अपमान का बदला लेने के लिए तैयार है।

4 मई के बाद अपराधियों का हिसाब

लापता बेटियों और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार सोई हुई है। उन्होंने एक कड़ा संदेश देते हुए घोषणा की कि 4 मई के बाद, जब भाजपा की सरकार बनेगी, तो गुंडों और बलात्कारियों से ‘चुन-चुन कर’ हिसाब लिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के लिए बंगाल में कोई जगह नहीं होगी और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।