Bihar Election: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को बिहार के बेगूसराय में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी न केवल अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से डरते हैं, बल्कि देश के उद्योगपतियों अडाणी और अंबानी के भी नियंत्रण में हैं। राहुल ने कहा, “मोदी डरपोक हैं। मोदी जी ट्रंप से डरते हैं। 50 बार अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि मैंने नरेंद्र मोदी को डराकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ बंद कराया। ट्रंप अलग-अलग देशों में जाकर कह रहा है कि उसने मोदी को झुका दिया, लेकिन प्रधानमंत्री के मुंह से एक शब्द नहीं निकला।”
“इंदिरा गांधी में मोदी से ज्यादा दम था”
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि अगर आज इंदिरा गांधी जैसी मजबूत नेतृत्व वाली प्रधानमंत्री होतीं, तो कोई भी विदेशी नेता भारत का अपमान करने की हिम्मत नहीं करता।राहुल बोले, “ट्रंप कहता है कि उसने मोदी को फोन लगाया और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रुक गया। मैं मोदी जी को चैलेंज करता हूं कि बिहार आकर कहें ट्रंप झूठ बोल रहा है।”उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश नीति के नाम पर देश की छवि को कमजोर कर रहे हैं। “इंदिरा गांधी ने अमेरिका को चुप करा दिया था, लेकिन मोदी जी केवल झुकने की राजनीति करते हैं।”
“अडाणी-अंबानी के हाथों में है मोदी का कंट्रोल”
राहुल गांधी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि मोदी सिर्फ अमेरिकी दबाव में नहीं, बल्कि देश के बड़े कॉरपोरेट घरानों के भी प्रभाव में हैं।उन्होंने कहा, “मोदी जी अडाणी और अंबानी से डरते हैं। चुनाव के दिन तक आप जो कहेंगे, वो करेंगे। लेकिन चुनाव के बाद न आएंगे, न कुछ करेंगे।”व्यंग्य करते हुए राहुल बोले, “अगली बार जब वो आएं तो कहना मोदी जी हम आपको सीट जितवा देंगे, आप डांस करो। वो तुरंत डांस करने लगेंगे।”
“महागठबंधन की सरकार बनी तो बिहार को मिलेगी बेहतरीन शिक्षा”
जनसभा में राहुल गांधी ने बिहार के मतदाताओं से वादा किया कि जैसे ही महागठबंधन की सरकार बनेगी, राज्य में शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “मैं आपको पर्सनल गारंटी देता हूं कि बिहार में हम बेहतरीन शिक्षा मुहैया कराएंगे। जिस दिन केंद्र में INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी, हम नालंदा यूनिवर्सिटी जैसी यूनिवर्सिटी खोलेंगे, जहां दुनिया भर से लोग पढ़ने आएंगे।”राहुल ने कहा कि बिहार की प्रतिभा पूरे देश में प्रसिद्ध है, लेकिन राज्य को अब तक उसके योग्य अवसर नहीं मिले। “हम ऐसी नीति लाएंगे, जिससे हर युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार का हक मिलेगा।”
राजनीतिक माहौल गरमाया
राहुल गांधी के इन बयानों से बिहार का चुनावी माहौल एक बार फिर गरमा गया है। भाजपा ने राहुल के आरोपों को “निराधार और बचकाना” बताते हुए कहा कि कांग्रेस नेता जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।वहीं कांग्रेस और महागठबंधन के नेताओं ने राहुल के भाषण को “जनभावना की सच्ची आवाज़” बताया।
Read More : Bihar Election: PM मोदी ने आरा में विशाल जनसभा को किया संबोधित, युवाओं और किसानों को दिए बड़े वादे
