Voter Adhikar Yatra: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान बढ़ गया है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा अपने अंतिम चरण में है लेकिन यात्रा खत्म होने से पहले ही राहुल गांधी विवादों में घिर गए है. इस दौरान RJD नेता तेजस्वी यादव और राहुल गांधी लगातार बीजेपी और चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते रहे. वहीं, दरभंगा में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया. इस मामले को लेकर बीजेपी राहुल गांधी पर हमलावर है और उनसे माफी की मांग कर रही है.
सोशल मीडिया पर BJP का आरोप
बताते चले कि, बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की माताजी के लिए बेहद अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया. बीजेपी ने इसे राजनीति में कभी नहीं देखी गई नीचता बताया और कहा कि यह यात्रा अपमान, घृणा और स्तरहीनता की सारी हदें पार कर चुकी है.
बीजेपी का आरोप ‘यात्रा में बिहारवासियों का अपमान’
बीजेपी का कहना है कि राहुल-तेजस्वी पहले बिहारवासियों का अपमान करने वाले नेताओं को अपनी यात्रा में बुलाकर जनता का अपमान कर चुके हैं. अब उनकी हताशा का परिणाम यह है कि प्रधानमंत्री मोदी की माताजी को गाली देने के लिए मंच का इस्तेमाल किया जा रहा है. बीजेपी ने कहा कि भाषा इतनी गंदी थी कि उसे सार्वजनिक मंच पर दोहराना संभव नहीं है.
पटना में शिकायत दर्ज, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
बिहार बीजेपी कार्यकारिणी के सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू ने पटना के गांधी मैदान थाने में राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. इसमें कहा गया कि कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अभद्र टिप्पणियाँ कर रहे हैं. शिकायत में यह भी उल्लेख है कि दरभंगा में आयोजित रैली के मंच से प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अपशब्द प्रयोग किए गए.
भाजपा का विरोध: लोकतंत्र में मर्यादा का उल्लंघन
बीजेपी नेताओं का कहना है कि किसी के परिवार को सार्वजनिक रूप से टारगेट करना लोकतंत्र में बिल्कुल भी उचित नहीं है. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि यह पार्टी लगातार देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रही है. बीजेपी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता.
संबित पात्रा का बयान
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग हुआ, वह लोकतंत्र की मर्यादा के खिलाफ है. उन्होंने बताया कि कांग्रेस आज महात्मा गांधी और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े होने का ढोंग कर रही है, लेकिन अपने नेताओं के माध्यम से सार्वजनिक मंच पर गाली देने का काम कर रही है. संबित पात्रा ने कहा कि भारतवर्ष अमर्यादित भाषा को स्वीकार नहीं करता और जनता इसका जवाब देगी.
इस प्रकार, बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित अभद्र भाषा का मामला राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है. बीजेपी ने इसे गंभीरता से लिया है और कांग्रेस पर सार्वजनिक रूप से नीचता फैलाने का आरोप लगाया है.
