Weather Today 22 July: अगले 8 घंटों में किन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, जानिए पूरा मौसम अपडेट

क्या आपका राज्य भी भारी बारिश की चपेट में आने वाला है? मौसम विभाग ने अगले 8 घंटों के लिए कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। जानिए किन इलाकों में सबसे ज्यादा खतरा है और क्या कहते हैं ताजा मौसम अपडेट।

Weather Today

Wrriten By :

Chandan Das

Published On :

जुलाई 22, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

Weather Today 22 July:  देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। 22 जुलाई को मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के करीब 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव तथा बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मानसून ट्रफ सक्रिय, मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी

IMD के मुताबिक मानसून ट्रफ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है। वहीं हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। मौसम विभाग ने 22 से 25 जुलाई तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय इलाकों में तेज हवाओं की संभावना जताते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

इन राज्यों में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले आठ घंटों के भीतर पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, हरियाणा, केरल और ओडिशा सहित 18 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। निचले इलाकों में जलभराव और कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में आज भारी बारिश की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 22 जुलाई को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पूरे दिन बादल छाए रहने और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। हालांकि 23 जुलाई से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश में आज पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, बरेली, झांसी, महोबा, बांदा, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जुलाई को व्यापक वर्षा होगी, जबकि 26 और 27 जुलाई को फिर भारी बारिश का दौर लौट सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 25 से 27 जुलाई तक लगातार बारिश होने का अनुमान है।

बिहार में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

बिहार में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना है। पटना, रोहतास, नवादा और कैमूर सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पटना, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, बक्सर, सारण, वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव, यातायात बाधित होने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का खतरा बढ़ा

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में 22 से 27 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, सड़क बंद होने और अचानक बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश से हालात गंभीर

जम्मू-कश्मीर में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, राजौरी, पुंछ, रामबन, डोडा, कठुआ और जम्मू सहित कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 22 से 24 जुलाई तक तेज बारिश और 25 से 27 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून

राजस्थान में करीब दो सप्ताह बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। कोटा, जयपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में 22 से 26 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है।

वहीं मध्य प्रदेश में भी लगभग 10 दिनों के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भोपाल, उज्जैन, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, देवास, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, पंचमढ़ी और होशंगाबाद सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

पंजाब, ओडिशा और झारखंड में भी बारिश का असर

पंजाब के अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और मोहाली समेत कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। ओडिशा में 22 से 27 जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहने का अनुमान है और कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा हो सकती है।

झारखंड के रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग, देवघर, दुमका और साहिबगंज सहित कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 24 और 25 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

आज प्रमुख शहरों का तापमान

22 जुलाई को दिल्ली में अधिकतम 32°C, मुंबई में 27°C, चेन्नई में 35°C, कोलकाता में 28°C, लखनऊ में 33°C, पटना में 32°C, रांची में 25°C, भोपाल में 27°C, जयपुर में 29°C, शिमला में 23°C और नैनीताल में 25°C तक तापमान रहने का अनुमान है।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने, बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, जबकि तटीय इलाकों के मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में नहीं उतरने की चेतावनी दी गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन और राहत एजेंसियां भी पूरी तरह सतर्क हैं।

2