Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के 21 जिले बाढ़ की चपेट में हैं और राजधानी लखनऊ में रुक-रुक कर बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 6 अगस्त से बारिश में कमी आने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। हालांकि, 5 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट अभी भी जारी है।
Read more: Himachal Weather: भारी बारिश ने फिर मचाया कहर, हिमाचल में दो की जान गई
दिल्ली-एनसीआर में तीन दिन और बारिश…
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बारिश का सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का अलर्ट

इसके साथ ही, दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु और केरल में अगले पांच दिनों तक भारी से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कई जिलों में अलर्ट जारी किया है और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
Read more: Himachal Weather: भारी बारिश ने फिर मचाया कहर, हिमाचल में दो की जान गई
राजस्थान में फिर बढ़ी गर्मी
राजस्थान में मानसून की चाल धीमी पड़ने से गर्मी दोबारा लौट आई है। सोमवार को राज्य के कई इलाकों में बादल तो छाए रहे लेकिन बारिश न के बराबर हुई। केवल कोटा जिले के दीगोद क्षेत्र में 25 मिमी बारिश दर्ज की गई। धौलपुर, करौली और राजसमंद जैसे जिलों में हल्की फुहारें देखने को मिलीं, लेकिन दिन का तापमान फिर से चढ़ने लगा है।
उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई जगहों पर खतरे के निशान को पार कर रही हैं। राज्य के कई जिलों में जनजीवन पर असर हुआ है। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल, चंपावत, टिहरी, बागेश्वर और उधम सिंह नगर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एहतियातन देहरादून, पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी भारत में भारी बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 4 से 9 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। इसी अवधि में बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी इसी दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है।