UP News: 2017 से पहले की अराजकता पर CM योगी का बड़ा प्रहार, बोले- अब प्रदेश में दंगा नहीं विकास है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपये की 57 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने 2017 से पहले की अराजकता पर निशाना साधते हुए कहा कि आज यूपी दंगामुक्त और सुरक्षित है। साथ ही, उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले एक्सप्रेसवे और रिंग रोड की घोषणा कर क्षेत्र के औद्योगिक विकास की नींव रखी है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 18, 2026

Advertisements
728x90 Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital.jpg

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर में जनसभा को संबोधित करते हुए 2017 से पूर्व की स्थितियों को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में हर जिले में दंगे, थानों में माफियाओं का बोलबाला और सिंडिकेट का प्रभाव था, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय था। मुख्यमंत्री ने 2007 से 2017 के बीच प्रदेश की चीनी मिलों को बेचने का जिक्र करते हुए कहा कि अब स्थितियां बदल चुकी हैं। आज प्रदेश में न कर्फ्यू है और न ही दंगा, ‘अब सब चंगा है’।

57 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

बताते चले कि, नुमाइश ग्राउंड में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 574 करोड़ रुपये की 57 विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित जमीनों का मुआवजा बढ़ाने की घोषणा की। साथ ही, शहर में लंबे समय से लंबित रिंग रोड को भी मंजूरी दे दी, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी और व्यापार को नई गति मिलेगी।

अयोध्या और काशी की भव्यता का श्रेय बुलंदशहर की जनता को दिया

शिकारपुर के रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में श्री राम का भव्य मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण जन-भावनाओं और बुलंदशहर जैसे जिलों की जनता के वोट का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली इतिहास पर गर्व होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने ऋषियों-मुनियों और तीर्थस्थलों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए युवाओं को देश को समृद्ध और विकासशील बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

होनहार बेटियां अब सैनिक विद्या मंदिर में करेंगी शिक्षा ग्रहण

मुख्यमंत्री ने रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर में छात्राओं के प्रवेश की अनुमति देने का स्वागत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राओं के लिए प्रदेश सरकार छात्रावास का निर्माण कराएगी। साथ ही, रज्जू भैया की माताजी के सम्मान में छात्रों के लिए भी एक नए छात्रावास की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आरएसएस विश्व का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन है और राजेंद्र सिंह ‘रज्जू भैया’ के मूल्यों को आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।

राष्ट्रीय एकता के साथ देश को आगे बढ़ाने का संकल्प

अंत में, मुख्यमंत्री ने सामाजिक समरसता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए हमें छुआछूत, जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषा के संकीर्ण दायरे से ऊपर उठकर कार्य करना होगा। जब हम राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखेंगे, तभी हम देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर एक ‘विकसित एवं समृद्ध भारत’ के स्वप्न को साकार कर पाएंगे। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपनी विरासत को सहेजने और विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

2